वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख के बीच बंबई शेयर बाजार के सेंसेक्स में सोमवार को शुरूआती कारोबार में 900 अंक से अधिक की तेजी आयी। एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में तेजी के साथ बाजार में मजबूत बढ़त दर्ज की गयी।
तीस शेयरों वाला सेंसेक्स शुरूआती कारोबार में 900 अंक से अधिक की तेजी के साथ एक समय 33,334.96 अंक पर पहुंच गया था। बाद में 859.14 अंक यानी 2.65 प्रतिशत की बढ़त के साथ 33,283.24 अंक पर कारोबार कर रहा था। इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 242.50 अंक यानी 2.53 प्रतिशत मजबूत होकर 9,822.80 अंक पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स के शेयरों में एक्सिस बैंक में सर्वाधिक करीब 7 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गयी। इसके अलावा टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी और एचडीएफसी बैंक में भी तेजी रही।
दूसरी तरफ सन फार्मा एकमात्र कंपनी है जिसके शेयर में शुरूआती कारोबार में गिरावट थी।
शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स 223.51 अंक यानी 0.69 प्रतिशत मजबूत होकर 32,424.10 और एनएसई निफ्टी 90.20 अंक यानी 0.95 प्रतिशत की तेजी के साथ 9,580.30 अंक पर बंद हुआ था। वैश्विक बाजारों में तेजी का असर घरेलू बाजार पर भी पड़ा। कारोबारी गतिविधिां धीरे-धीरे खोले जाने के विभिन्न देशों की सरकारों के निर्णयों से निवेशकों में आर्थिक पुनरूद्धार को लेकर उम्मीद बंधी है।


Download Android App
Download iOS App



