मजबूत वैश्विक संकेतों से मंगलवार को आरंभिक कारोबार के दौरान सेंसेक्स 350 अंकों से ज्यादा चढ़ा और निफ्टी में भी 100 अंकों की तेजी रही। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव से पहले शेयर बाजार में तेजी देखी जा रही है। सेंसेक्स 40,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से ऊपर कारोबार कर रहा था।
बाजार के जानकार बताते हैं कि बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में विनिर्माण क्षेत्र के आंकड़े अच्छे आने से निवेशकों में तेजी का रुझान देखा जा रहा है। सुबह 9.21 बजे सेंसेक्स बीते सत्र से 350.45 अंकों यानी 0.88 फीसदी की तेजी के साथ 40,108.03 पर कारोबार कर रहा था जबकि निफ्टी पिछले सत्र से 84.40 अंकों यानी 0.72 फीसदी की तेजी के साथ 11,753.55 पर बना हुआ था।
इससे पहले, बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों पर आधारित प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स पिछले सत्र से 233.17 अंकों की तेजी के साथ 39,990.75 पर खुला और 40,112.93 तक उछला जबकि आरंभिक कारोबार के दौरान सेंसेक्स का निचला स्तर 39,952.79 रहा।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 50 शेयरों पर आधारित प्रमुख संवेदी सूचकांक निफ्टी भी बीते सत्र से 65.30 अंकों की बढ़त के साथ 11,734.45 पर खुला और 11,776.75 तक उछला जबकि शुरूआती कारोबार के दौरान निफ्टी का निचला स्तर 11,723.30 रहा।
अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए तीन नवंबर को मतदान होने जा रहा है। वहीं, भारत में बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मंगलवार को 17 जिलों के 94 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मंगलवार को मतदान हो रहा है। इसके अलावा, कई राज्यों में विधानसभा उपचुनाव के लिए भी मतदान हो रहा है।


Download Android App
Download iOS App



