शेयर बाजारों में सोमवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी दर्ज की गई और बीएसई सेंसेक्स करीब 322 अंक चढ़कर 60,000 अंक के पार बंद हुआ। वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख और बैंक, सूचना प्रौद्योगिकी तथा ऊर्जा कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बाजार में तेजी आई। तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 321.99 अंक यानी 0.54 प्रतिशत की मजबूती के साथ तीन सप्ताह के उच्चस्तर 60,115.13 अंक पर बंद हुआ।
जाने कौन से शेयर रहे मजबूत
शुरुआती कारोबार में मजबूती के साथ खुलने के बाद सेंसेक्स ऊंचे में 60,284.55 अंक तक गया और नीचे में 59,912.29 अंक तक आया। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 103 अंक यानी 0.58 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 17,936.35 अंक पर बंद हुआ। पिछले तीन कारोबारी सत्रों के दौरान सेंसेक्स में 1,086 अंक और निफ्टी में 312 अंक का उछाल आया है। सेंसेक्स के शेयरों में टाइटन में सबसे अधिक 2.39 प्रतिशत की तेजी आई। एक्सिस बैंक, टेक महिंद्रा और टाटा स्टील, आरआईएल, इन्फोसिस, टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस और एलएंडटी भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ एचडीएफसी का शेयर सबसे अधिक 0.43 प्रतिशत टूट गया तथा एचडीएफसी बैंक और नेस्ले के शेयर भी गिरावट में बंद हुए।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा, ‘‘शेयर बाजार के बेहतर प्रदर्शन का कारण मजबूत आर्थिक सुधार है। आरबीआई की रिपोर्ट में बैंक ऋण वृद्धि के 15.5 प्रतिशत पर पहुंचना इस तथ्य की पुष्टि करता है।’’ इसके अलावा बीएसई मिडकैप में 0.52 प्रतिशत तथा स्मॉलकैप में एक प्रतिशत का उछाल दर्ज किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



