खुलते ही 1000 अंक से अधिक लुढ़का Sensex, Infosys और Wipro में सबसे ज्यादा हुई गिरावट

Summary :

कमजोर एशियाई बाजारों के बीच इंफोसिस और एचडीएफसी बैंक जैसे बड़े शेयरों में कमजोरी के चलते प्रमुख सूचकांकों पर भारी दबाव बना।

Share Market : चार दिन की लंबी छूट्टी के बाद आज खुले प्रमुख शेयर सूचकांकों को तगड़ा झटका लगा। सेंसेक्स में खुलते हुए 1000 अंक से अधिक की गिरावट दर्ज हुई। कमजोर एशियाई बाजारों के बीच इंफोसिस और एचडीएफसी बैंक जैसे बड़े शेयरों में कमजोरी के चलते प्रमुख सूचकांकों पर भारी दबाव बना।
इंफोसिस, टेक महिंद्रा और Wipro के शेयरों में भारी गिरावट
सोमवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1,186.18 अंक गिरकर 57,152.75 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 314.95 अंक गिरकर 17,160.70 पर आ गया। सेंसेक्स में इंफोसिस, टेक महिंद्रा, टीसीएस, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, विप्रो और एचसीएल टेक्नोलॉजीज गिरने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे।
हरे निशान पर रहे NTPC और टाटा स्टील
दूसरी ओर एनटीपीसी, टाटा स्टील, एमएंडएम, मारुति और पावर ग्रिड हरे निशान में थे। दरअसल, पिछले सप्ताह गुरुवार को महावीर जयंती और डॉ बाबासाहेब अंबेडकर जयंती तथा शुक्रवार को गुड फ्राइडे के कारण शेयर बाजार बंद थे। एशियाई बाजारों में सोल, शंघाई और तोक्यो मध्य सत्र के सौदों के दौरान गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। 
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.01 फीसदी बढ़कर 112.83 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को शुद्ध आधार पर 2,061.04 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

Desk Team