नई दिल्ली : दिग्गज इस्पात कंपनी टाटा स्टील लिमिटेड ने कहा है कि उसने कर्ज के बोझ से जूझ रही भूषण स्टील के अधिग्रहण के लिये बोली में जीत हासिल कर ली है। बोली राशि की जानकारी नहीं दी गई। हालांकि, उद्योग से जुड़े सूत्रों का कहना है कि अधिग्रहण की कीमत 35,000 करोड़ रुपये है। नकद में होने वाले इस सौदे के पूरा होने पर टाटा स्टील देश की सबसे बड़ी इस्पात कंपनी बन जायेगी। इस सौदे से टाटा स्टील की मौजूदा 1.30 करोड़ टन सालाना की इस्पात उत्पादन क्षमता में भूषण स्टील की 56 लाख टन उत्पादन क्षमता और बढ़ जायेगी।
टाटा स्टील ने कहा कि उसे 22 मार्च 2018 को भूषण स्टील लिमिटेड के कर्जदाता समूह द्वारा सफल समाधान आवेदक के रूप में घोषित किया गया है, जो कि राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) और भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग से मंजूरी समेत अन्य नियामकीय मूंजरी पर निर्भर करेगा। भूषण स्टील के लिये टाटा स्टील के अलावा जेएसडब्ल्यू स्टील और भूषण स्टील के कर्मचारियों के समूह ने एक निजी इक्विटी फर्म के साथ मिलकर भी बोली लगाई थी। टाटा स्टील पर बैंकों के समूह का कुल 48,100 करोड़ रुपये का कर्ज बकाया है।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



