नयी दिल्ली : दोपहिया क्षेत्र की प्रमुख कंपनी टीवीएस मोटर ने माल एवं सेवाकर (जीएसटी) का लाभ अपने ग्राहकों को पहुंचाते हुये अपने विभिन्न दोपहिया वाहनों के दाम 4,150 रुपये तक कम कर दिये हैं। टीवीएस मोटर कंपनी ने एक वक्तव्य में कहा है, ”आम यात्री वर्ग में मूल्य कटौती 350 रुपये से लेकर 1,500 रुपये तक है जबकि प्रीमियम वर्ग में विभिन्न राज्यों के हिसाब से दाम में 4,150 रुपये तक की कमी आई है।” कंपनी ने कहा कि डीलरों ने जीएसटी से पहले के दाम पर जो स्टाक खरीदा है उस मामले में उन्हें एक जुलाई 2017 को उपलब्ध स्टॉक पर उपयुक्त सहायता दी जायेगी।
एक अन्य प्रमुख दोपहिया कंपनी हीरो मोटो कार्प ने भी अपने वाहनों के दाम में 1,800 रुपये तक कटौती की घोषणा की है। कंपनी ने कहा है कि अलग अलग राज्य में यह कटौती अलग हो सकती है क्योंकि यह उस राज्य में जीएसटी से पहले और बाद के दाम में अंतर पर निर्भर करेगा। मारूति सुजूकी, टोयटा और जगुआर लैंड रोवर जैसी कई कंपनियों ने जीएसटी का लाभ ग्राहकों को पहुंचाने के लिये दाम कम किये हैं।


Download Android App
Download iOS App



