एप पर टैक्सी बुकिंग सेवा देने वाली कंपनी उबर ने आंध्रप्रदेश के विशाखापत्तनम में एक नया केंद्र खोला है। अगले साल के अंत तक यह केंद्र 500 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने लगेगा। यह कंपनी का दूसरा ‘उत्कृष्टता केंद्र’ (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) है। कंपनी ने पहला ऐसा केंद्र तेलंगाना के हैदराबाद में शुरू किया है।
उल्लेखनीय है कि अमेरिकी कंपनी उबर की बाजार में सबसे बड़ी प्रतिस्पर्धी बेंगलुरू की ओला है। कंपनी के वरिष्ठ निदेशक (एशिया-प्रशांत के लिए सामुदायिक परिचालन) वेन सेजु लिन ने कहा, “विशाखापत्तनम का उत्कृष्टता केंद्र (सीओई) हमारे हैदराबाद केंद्र का ही विस्तार है। इसका मकसद कामकाज को सुचारू रखना है। यह केंद्र गंभीर घटनाओं की स्थिति में हमारे सहयोगी चालकों और ग्राहकों दोनों मदद उपलब्ध कराएगा, क्योंकि इस स्थिति में तत्काल मदद की जरूरत होती है।”
उन्होंने कहा कि यह केंद्र भारत समेत पूरे एशिया प्रशांत क्षेत्र के लिए काम करेगा। इस केंद्र की स्थापना पर कंपनी ने 5.73 करोड़ रुपये निवेश किया है। इससे 500 लोगों को रोजगार मिलेगा। लिन ने कहा कि हम पहले ही 70 लोगों की नियुक्ति कर चुके हैं और अगले साल की शुरुआत यह संख्या 120 हो जाएगी। हमें अगले साल के अंत तक यह संख्या 500 होने की उम्मीद है।


Download Android App
Download iOS App



