विस्तार एयरलाइंस ने स्टैंडअप कॉमेडियन कुनाल कामरा पर एयरलाइन के विमानों में 27 अप्रैल तक के लिए यात्रा प्रतिबंध लगा दिया है। विमानन कंपनी के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
विमानन कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि इंडिगो की एक आंतरिक समिति ने कामरा को कथित दुर्व्यवहार के लिए दोषी पाया जिसके बाद यह निर्णय लिया गया है। कामरा पर प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू होता है।
विस्तार के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘संबंधित सीएआर के तहत इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड द्वारा गठित आंतरिक समिति की ओर से पारित आदेश के आधार पर हमने यात्री को 27 अप्रैल, 2020 तक नो-फ्लाई सूची में डाल दिया है।’’
इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड विमानन कंपनी इंडिगो की मूल कंपनी है। विमानन कंपनियों को नागर विमानन आवश्यकताओं (सीएआर) का पालन करना होता है।
गौरतलब है कि 28 जनवरी को कामरा को इंडिगो ने हवाई यात्रा के दौरान एक निजी टीवी के एंकर के साथ कथित दुर्व्यव्यहार को लेकर एयरलाइन के विमानों में यात्रा करने पर छह महीने के लिए प्रतिबंध लगा दिया था। प्रतिबंध की अवधि बाद में घटाकर तीन महीने कर दी गई थी।
मानदंडों के अनुसार यात्रियों द्वारा यात्रा के दौरान दुर्व्यवहार के किसी भी आरोप की जांच संबंधित एयरलाइंस की आंतरिक समिति द्वारा की जानी चाहिए।
इंडिगो के प्रतिबंध लगाने के बाद एयर इंडिया, गोएयर और स्पाइसजेट ने भी कामरा पर यात्रा प्रतिबंधों की घोषणा की। उस समय विस्तार ने कामरा पर प्रतिबंध नहीं लगाया था।


Download Android App
Download iOS App



