नयी दिल्ली : कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए भारतीय सेना ने सभी भर्ती रैलियों को एक महीने के लिए रोक दिया है और अपने कर्मियों से कहा है कि आवश्यक ड्यूटी के लिए ही यात्रा करें। यह जानकारी शुक्रवार को सेना के सूत्रों ने दी। सूत्रों ने कहा कि सभी संबंधित लोगों को निर्देश जारी किए गए हैं कि स्वास्थ्य सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान दें और संक्रमण से बचने के लिए सेना के सभी रैंक को एहतियात बरतनी चाहिए।
एक सूत्र ने कहा, ‘‘सभी भर्ती रैलियों को एक महीने के लिए स्थगित किया जाएगा।’’ इसके अलावा कर्मियों की यात्रा को आवश्यक ड्यूटी तक सीमित किया गया है। उन्हें सलाह दी गई है कि यात्रा के बजाए वीडियो कांफ्रेंसिंग का विकल्प अपनाएं।
कमान मुख्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि सरकार की योजनाओं का समर्थन करने के लिए पर्याप्त पृथक इकाई बनाए जाएं। इसके मुताबिक मानेसर में 300 बिस्तर, जोधपुर में एक हजार बिस्तर, जैसलमेर में एक हजार बिस्तर, झांसी में एक हजार बिस्तर, बिन्नागुड़ी में 300 बिस्तर और गया में 300 पृथक बिस्तर बनाए गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



