नई दिल्ली : फॉक्सवैगन ने भारत में अपनी दो गाड़ियों पोलो और वेंटाे का फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च किया। नई फॉक्सवैगन पोलो की कीमत 5.82 लाख और नई फॉक्सवैगन वेंटो की कीमत 8.76 लाख रुपये से शुरू है। फ्रेश लुक देने के लिए कंपनी ने इन दोनों कारों में कॉस्मेटिक अपडेट किए हैं। साथ ही फीचर लिस्ट भी अपग्रेड की गई है। दोनों कारों की डिजाइन में काफी अपडेट किए गए हैं। पुराने मॉडल के मुकाबले दोनों नई कारें ज्यादा स्टाइलिश लग रही हैं।
इनका फ्रंट लुक कुछ हद तक पोलो जीटीआई से प्रेरित है। फेसलिफ्ट पोलो और वेंटों में ग्लॉसी ब्लैक कलर में हनीकॉम्ब-मेश ग्रिल और नए बंपर दिए गए हैं। फेसलिफ्ट वेंटो में एलईडी डीआरएल के साथ नए हेडलैम्प और नए टेल लैम्प दिए गए हैं। हालांकि, फेसलिफ्ट पोलो में नए हेडलैम्स या डीआरएल को शामिल नहीं किया गया है।
दोनों नई कारों के कैबिन में हल्के बदलाव हुए हैं। इन अपडेट्स में नई अपहोस्ट्री और ऐंड्रॉयड ऑटो व ऐपल कारप्ले के साथ नया टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम शामिल हैं। डैशबोर्ड को भी अपडेट किया गया है, जो कैबिन को नया लुक देता है। पोलो का इंटीरियर ब्लैक और वेंटो का ब्लैक-बेज कलर में है।


Download Android App
Download iOS App



