Bhupesh Baghel on Sai Government: बिलासपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याओं, महंगाई, बिजली दरों में वृद्धि और खाद संकट जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में आम जनता कई मोर्चों पर परेशान है। बघेल ने आरोप लगाया कि हत्या, लूट और अपराध की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है तथा सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
खाद संकट पर भड़के पूर्व CM, कालाबाजारी-नकली खाद का आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए खाद की उपलब्धता को बड़ा संकट बताते हुए कहा कि कई क्षेत्रों में किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रही है। उन्होंने नकली खाद और कालाबाजारी के आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों से खाद के नाम पर अतिरिक्त वसूली की जा रही है, जिससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। उन्होंने सरकार से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
महंगाई, बिजली और राजनीति… बघेल ने खोला मोर्चा
महंगाई और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों को लेकर भी बघेल ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी आने के बावजूद जनता को उसका लाभ नहीं मिल रहा है। बिजली दरों में वृद्धि का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने दावा किया कि इससे किसानों और आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।
राजनीतिक मोर्चे पर भूपेश बघेल ने भाजपा पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की छवि खराब करने के लिए बड़े पैमाने पर संसाधन खर्च करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व में लड़ेगी और जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष जारी रखेगी।
रिपोर्ट: रायपुर ,आशीष शर्मा/ पंजाब केसरी।


Download Android App
Download iOS App




