Surguja Health Services Boost: प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने अंबिकापुर में सरगुजा संभाग के स्वास्थ्य ढांचे को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए 18 नवीन 108 संजीवनी एक्सप्रेस एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ये एंबुलेंस आम नागरिकों के लिए सुरक्षा, विश्वास और त्वरित चिकित्सा सहायता का प्रतीक बनेंगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में राज्य सरकार “स्वस्थ छत्तीसगढ़, सुरक्षित नागरिक” के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में सरगुजा जैसे पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
गर्भवती और बुजुर्गों के लिए वरदान बनी नई सेवा
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि अब इन नई एंबुलेंसों के माध्यम से दूर-दराज के गांवों तक भी समय पर चिकित्सा सहायता पहुंचाना संभव होगा। आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को अस्पताल तक लाने में होने वाली देरी अब काफी हद तक समाप्त होगी और कई कीमती जिंदगियां बचाई जा सकेंगी। उन्होंने यह भी बताया कि इन एंबुलेंसों में आधुनिक लाइफ-सपोर्ट सिस्टम, ऑक्सीजन सिलिंडर, प्राथमिक उपचार और बेहतर संचार सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे हर स्थिति में प्रभावी इलाज सुनिश्चित किया जा सकेगा।
एंबुलेंस सेवा के शुभारंभ के बाद स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि अब आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर वाहन उपलब्ध होने से मरीजों को राहत मिलेगी, विशेषकर गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर रूप से बीमार लोगों के लिए यह सेवा वरदान साबित होगी।
‘गोल्डन ऑवर’ में इलाज, सरगुजा में बचेगी हर जान!
नई 108 संजीवनी एक्सप्रेस एंबुलेंस के जुड़ने से सरगुजा का आपातकालीन स्वास्थ्य तंत्र और मजबूत होगा। ‘गोल्डन ऑवर’ में उपचार की सुविधा मिलने से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी, वहीं सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों पर भी अंकुश लगेगा। यह पहल न केवल स्वास्थ्य सुविधाओं को नई गति देगी, बल्कि आमजन में सुरक्षा और भरोसे की भावना को भी और मजबूत करेगी। सरकार की यह पहल “स्वस्थ सरगुजा-खुशहाल सरगुजा” के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे आने वाले समय में क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।
यह भी पढ़ें: कच्चे तेल की कीमत में उछाल, पेट्रोल डीजल के भाव में आया बदलाव, जानें आज का ताजा रेट


Download Android App
Download iOS App





