पुलिस ने कहा कि एक अज्ञात व्यक्ति ने मंगलवार को महाराष्ट्र के परभणी रेलवे स्टेशन के बाहर बी आर अंबेडकर की मूर्ति पर रखी संविधान की प्रतिकृति को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे आगजनी और पथराव हुआ। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि संविधान की प्रतिकृति को नुकसान पहुंचाने की बात फैलने के बाद लगभग 200 लोगों की भीड़ प्रतिमा के पास जमा हो गई और नारे लगाए गए। उन्होंने बताया कि इलाके से पत्थर फेंके गए और आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं।
अधिकारी ने बताया कि शाम करीब छह बजे प्रदर्शनकारी अचानक रेलवे स्टेशन की ओर बढ़ गए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने नंदीग्राम एक्सप्रेस ट्रेन के लोकोमोटिव पायलट को नीचे खींच लिया तथा उसके साथ मारपीट की। और 30 मिनट से अधिक समय तक रेलवे ट्रैक को अवरुद्ध कर दिया। इसके बाद रेलवे पुलिस फोर्स (RPF) और स्थानीय पुलिस कर्मियों द्वारा हटाया गया।
ट्रेन आखिरकार शाम करीब 6:52 बजे परभणी स्टेशन से रवाना हुई। प्रदर्शनकारियों ने संविधान की प्रतिकृति को नुकसान पहुंचाने के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और राष्ट्रीय नेताओं की सभी मूर्तियों की सुरक्षा की मांग की।
अधिकारीयों ने बताया कि अब स्थिति शांतिपूर्ण है।


Download Android App
Download iOS App



