नई दिल्ली : पुलिस के अलग, दमकल के लिए अलग यहां तक की एम्बुलेंस के लिए भी अलग हेल्पलाइन नम्बर। महिलाओं को मदद की जरूरत पड़े तो उसके लिए भी एक अलग नम्बर। अब दिल्लीवालों को आपातकालीन मदद के लिए अलग-अलग नम्बरों को याद रखने की जरूरत नहीं।
जल्द ही दिल्ली में सिर्फ ‘112’ हेल्पलाइन नम्बर लागू हो जाएगा। अधिकारिक पुलिस सूत्रों की माने तो अगले महीने (सितंबर) में ही गृहमंत्री यह हेल्पलाइन सेवा राजधानी दिल्ली में लॉन्च कर सकते हैं। इस हेल्पलाइन नम्बर के जारी होने के बाद आपको दूसरा कोई और हेल्पलाइन नम्बर मिलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वहीं पीसीआर को भी पहले से काफी अपग्रेड कर दिया जाएगा।
पहले ही 16 राज्यों केंद्र शासित प्रदेशों में 112 सेवा
यह बात जानकर आपको हैरानी होगी कि देश की सबसे तेज तर्रार दिल्ली पुलिस 112 हेल्पलाइन नम्बर जारी करने में पीछे रह गई। इसी साल फरवरी माह में गृह मंत्रालय ने 16 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में एकल आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर ‘112’ जारी किया था। इस हेल्पलाइन की खूबी है कि मदद मांगने वाले को तत्काल सहायता मिल सकेगी। गत फरवरी माह में जिन 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में यह प्रणाली शुरू की गई।
उनमें आंध्र प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, केरल, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, गुजरात, पुडुचेरी, लक्षद्वीप, अंडमान, दादरा नगर हवेली, दमन और दीव, जम्मू कश्मीर शामिल हैं। अब दिल्ली भी इसमें शामिल हो जाएगी।
एकल नंबर के तौर पर एकीकृत पुलिस के लिए 100, अग्निशमन 101, स्वास्थ्य 108, एम्बुलेंस के लिए 102 और महिलाओं के लिए 1090 हेल्पलाइन नंबर का एकल नंबर ‘112’ के तौर पर एकीकृत होगा।


Download Android App
Download iOS App



