नई दिल्ल : राष्ट्रिय राजधानी में कोहरे के चलते 13 ट्रेनों में दो से तीन घंटे की देरी हुई और शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में आर्द्रता का स्तर 66 से 100 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शहर में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में मध्यम कोहरा छाने और हल्की बारिश होने की संभावना जाहिर की है। पालम और सफदरजंग वेधशाला में सुबह साढ़े पांच बजे दृश्यता क्रमश: शून्य और 400 मीटर और सुबह साढ़े आठ बजे 50 और 400 मीटर दर्ज की गई। रेल प्रवक्ता के अनुसार कोहरे के कारण 13 ट्रेनों को अपने तय समयानुसार दो से तीन घंटे की देरी हुई।
फरक्का एक्सप्रेस मालदा-दिल्ली जंक्शन, महाबोधि गया-नई दिल्ली, पूर्वा एक्सप्रेस हावड़ा-नई दिल्ली और गरीब रथ जयनगर-आनंद विहार उन ट्रेनों में शामिल हैं जो अपने तय समय से देरी से चल रही हैं। बहरहाल दिल्ली हवाई-अड्डे पर विमानों का संचालन अप्रभावित रहा।
अधिकारी ने बताया कि दिल्ली हवाईअड्डे पर विमानों के संचालन के लिए दृश्यता पर्याप्त थी। उन्होंने बताया कि अधिकतम तापमान के 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शुक्रवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 18.4 डिग्री सेल्सियस और 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


Download Android App
Download iOS App





