दिल्ली में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस, तापमान बढ़ने की संभावना

Summary :

राष्ट्रीय राजधानी में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।

होली के मौके पर दिल्ली का पारा चढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार होली के बाद दिल्लीवासियों को थोड़ी राहत मिल सकती है। वहीं आज मौसम साफ रहेगा और तापमान बढ़ने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। सापेक्ष आर्द्रता 79 फीसदी दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों ने दिन में आकाश साफ रहने का पूर्वानुमान लगाया है। 
राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 222 दर्ज किया गया। सूचकांक के मुताबिक, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। 
प्रादेशिक मौसम विभाग के निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव ने शुक्रवार को बताया था कि 29 मार्च तक तापमान लगातार बढ़ेगा। ये दिल्ली की सबसे गर्म होली होगी, हालांकि इसकी तुलना करना मुश्किल होगा क्योंकि हर साल होली का त्योहार अलग-अलग तारीखों पर मनाया जाता है। उन्होंने आगे कहा कि इसके तुरंत बाद 30 मार्च से तापमान में गिरावट आ सकती है। राजधानी में 30 और 31 मार्च को तेज हवाएं चलने की संभावना है। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है 30 मार्च को अधिकतम तापमान 31-32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।

Desk Team