बिहार के नवादा जिले में बुधवार को एक बस ने यात्री से भरे ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में पिता, बेटे सहित चार लोगों की मौत हो गई जबकि चार घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, कोलकाता से बिहार शरीफ जाने वाली यात्री बस सुबह मांखर गांव के पास रजौली से नवादा की ओर आ रही थी, तभी बस ने ऑटो को पीछे टक्कर मार दी।
इसके बाद ऑटो में बैठे कई यात्री बाहर गिर गए। इस दुर्घटना में घटनास्थल पर ही दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। अकबरपुर के थाना प्रभारी संजीव मउआर ने आईएएनएस को बताया कि मृतकों की पहचान रजौली के बिजवन गांव के कामेश्वर प्रसाद और उनके बेटे नीतीश कुमार, अकबरपुर के शाहपुर के रामप्रवेश चौधरी और बरेह के वासुदेव प्रसाद के रूप में हुई है।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने बस जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में घायल चार लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसमें दो लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



