मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद हथियारों को जमा कराया जा रहा है और अवैध हथियार जब्त किए जा रहे हैं। राज्य में अब तक 42,000 से ज्यादा हथियार जमा हो चुके हैं और 111 अवैध हथियार जब्त किए गए हैं।
राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वी एल़ कांता राव ने संवाददाताओं को बताया, ‘छह अक्टूबर को प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद सोमवार तक कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के तहत चले अभियान में 111 अवैध हथियार जब्त किए गए हैं और 42 हजार 417 हथियार जमा कराए गए हैं।’
कांता राव के अनुसार, बीते तीन दिनों में 1,649 गैर जमानती वारंट तामील कराए गए हैं और 3,399 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। संपति विरूपण (प्रचार सामग्री का अधिग्रहण) के अंतर्गत 1,60,456 मामले पंजीबद्घ कर कार्रवाई की गई है। वाहनों के दुरुपयोग पर 295 प्रकरण पंजीबद्घ किए गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



