रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आज यहां दावा किया कि पिछले 4 साल में झारखंड से 80 फीसदी उग्रवाद का खात्मा किया जा चुका है और शेष 20 प्रतिशत उग्रवाद को भी झारखंड पुलिस बहुत शीघ्र ही उखाड़ फेंकेगी । मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित 18 वें झारखंड स्थापना दिवस परेड एवं अलंकरण समारोह 2018 को संबोधित करते हुए यह दावा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस कर्मियों के अथक प्रयास का हीं परिणाम है कि आज सूबे को तीव्र गति से विकास करने वाले राज्यों की श्रेणी में लाकर हम खड़ा करने में सफल हो पाए हैं। दास ने कहा कि झारखंड के सर्वांगीण विकास में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण रही है । राज्य में स्थिर सरकार बनने के बाद प्रत्येक सेक्टर में निरंतर विकास हो रहा है। पुलिस और आम जनता के सहयोग के कारण राज्य भ्रष्टाचारमुक्त, उग्रवादमुक्त, अपराधमुक्त की दिशा में अग्रसर हो सका है।
उन्होंने कहा कि पर्व, त्योहारों एवं विपरीत परिस्थितियों में भी पुलिसकर्मी बिना किसी छुट्टी के लगातार आम जनता की सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए लिए कर्तव्य स्थल पर तैनात रहते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पुलिसकर्मियों को हर वर्ष 13 महीने का वेतन देने की घोषणा की थी । राज्य सरकार की ओर से किया गया यह वादा जरूर पूरा होगा। वेतन निर्धारण की प्रक्रिया प्रगति पर है नए वर्ष में पुलिसकर्मियों को यह खुशखबरी मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि शहीद हुए पुलिसकर्मियों के वैसे परिवार अथवा आश्रितों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्य सरकार की ओर से आवास दिया जाएगा जो आवासहीन हैं । मुख्यमंत्री द्वारा ’अलंकरण दिवस 2018 के अवसर पर झारखंड पुलिस के कुल 102 पदाधिकारियों एवं कर्मियों को विभिन्न पुरस्कारों से नवाजा गया। दास ने इस अवसर पर वीरगति प्राप्त हुए कुल 7 शहीदों के परिजनों को 25-25 हजार रुपए की राशि का चेक तथा शाल देकर सम्मानित किया।


Download Android App
Download iOS App



