आम आदमी पार्टी दिल्ली के लोगों को और भ्रमित नहीं कर पाएगी

Summary :

गुप्ता ने कहा दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने यह कहकर दिल्ली की जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया कि यह जनादेश मुख्यमंत्री केजरीवाल को लेकर नहीं।

नई दिल्ली : विधानसभा में नेता विपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक विजय की सच्चाई से यह कहकर अपनी पराजय को नहीं नकार सकती कि यह लड़ाई मोदी और राहुल के बीच थी। ‘आप’ ने छह महीने से प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में अपना वाररूम स्थापित किया, कॉल सेंटर द्वारा तथा पानी की तरह पैसा बहाकर प्रधानमंत्री और भाजपा के विरुद्ध हर तरह से जहर उगलने और जनता को भ्रमित करने का विशेष अभियान जारी रखा था।   
गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने संवाददाता सम्मेलन में यह कहकर दिल्ली की जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया कि यह जनादेश मुख्यमंत्री केजरीवाल को लेकर नहीं है। उनका यह कहना अत्यंत भ्रामक है कि दिल्ली में आज भी केजरीवाल का कोई विकल्प नहीं है। वे यह कहकर शेखचिल्ली वाली बातें कर रहे हैं कि दिल्ली में अभी भी लोग विधानसभा चुनावों में केजरीवाल को ही लाने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी हैं। 
उसने केजरीवाल सरकार की असफलताओं और कुशासन का पर्दाफाश करने के लिये कमर कस ली है। भाजपा अब केजरीवाल को दिल्ली की जनता को और अधिक भ्रमित नहीं करने देगी। विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की जनता ने सातों सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को 52 से 60 प्रतिशत वोट देकर यह जनादेश दे दिया है कि भाजपा की लोकप्रियता और स्वीकार्यता कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों को मिलाकर कहीं ज्यादा है। स्पष्ट है कि यदि दोनों पार्टियां गठबंधन कर भी चुनाव लड़तीं तब भी उन्हें सातों सीटों पर मुंह की खानी पड़ती। 

Desk Team