नई दिल्ली : तिमारपुर इलाके में सोमवार दोपहर एक बाइक सवार युवक की चाइनीज मांजे से गर्दन कटने से मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान रवि कुमार (18) के रूप में हुई है। पुलिस ने रवि के शव को पोस्टमार्टम के बाद मृतक के परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल तिमारपुर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। रवि अपने परिवार के साथ तिमारपुर स्थित योगराज कॉलोनी, निरंकारी में रहता था। परिवार में पिता राम किशोर, मां शकुंतला, तीन भाई व अन्य सदस्य हैं।
रवि आनंद पर्वत में ऑटो पार्ट्स बनाने की फैक्ट्री में काम करता था। कुछ समय पहले रवि पिता राम किशोर एक्सीडेंट में घायल हो गए थे। जिसके बाद घर के खर्च की जिम्मेदारी रवि और उसके बड़े भाई नरेश के ऊपर थी। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर करीब एक बजे रवि के पिता ने उसे कूलर की घास लाने के लिए भेजा था। वह बाइक लेकर निरंकारी कॉलोनी स्थित बाजार जा रहा था।
तभी रास्ते में एक कटी पतंग की डोर उसके गले के आगे आ गई। वह एकदम से बाइक नहीं रोक पाया और चाइनीज मांजे से उसकी गर्दन काफी गहरी कट गई। वह बाइक से गिरकर तड़पने लगा। राहगीरों ने तुरंत रवि को उठाया और उसे बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया। मगर देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो मांजे से रवि की गर्दन काफी गहरी कटी और ज्यादा खून बह गया था। उधर, रवि की मौत के बाद से परिवार में मातम का माहौल है।


Download Android App
Download iOS App



