‘आप’ के पार्षदों ने थामा भाजपा का दामन, वीरेंद्र सचदेवा ने दिलाई पार्टी की सदस्यता

Summary :

दिल्ली के कई ‘आप’ पार्षद भाजपा में शामिल, सचदेवा ने दिलाई सदस्यता

दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार का सामना करने के बाद आम आदमी पार्टी के कई पार्षद शनिवार को भाजपा में शामिल हो गए। दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इसके बाद प्रेस वार्ता में वीरेंद्र सचदेवा ने कई आप नेताओं के भाजपा में शामिल होने का संकेत भी दिया। दावा किया, “मुझसे आप के कई नेता मुलाकात करके गए हैं। वो भी जल्द ही भाजपा का दामन थामेंगे। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को जमीन पर उतारने की दिशा में काम कर रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि अब हम भारत की तर्ज पर दिल्ली को भी विकसित बनाने की दिशा में संकल्पित हैं। हम दिल्ली में ऐसा काम करेंगे कि आने वाले दिनों में दिल्ली के लोग खुद पर गर्व करेंगे। दिल्ली विधानसभा चुनाव में हमें जीत मिली है। अब हम दिन-रात दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगे।

सचदेवा ने कहा, “पिछली दिल्ली सरकार के सारे पाप खत्म होने जा रहे हैं और सजा भी उसी हिसाब से दी जाएगी। चाहे शीश महल हो, शराब घोटाला हो, जल बोर्ड घोटाला हो, पैनिक बटन घोटाला हो, राशन कार्ड घोटाला हो या मोहल्ला क्लीनिक घोटाला हो। एक-एक पाई वसूली जाएगी। जिस किसी ने भी दिल्ली को लूटा है, उसे बख्शा नहीं जाएगा। आम आदमी पार्टी का कोई शीर्ष नेतृत्व नहीं है। वहां पर सिर्फ जमानती अपराधी हैं।”

इस बीच, जब प्रेस वार्ता में वीरेंद्र सचदेवा से सवाल किया गया कि दिल्ली में सरकार गठन की प्रक्रिया कब शुरू होगी, तो उन्होंने भाजपा में शामिल ‘आप’ नेताओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि आप देख सकते हैं कि सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उनकी इस बात पर सब हंस पड़े।

इसके बाद उन्होंने संजीदगी भरे लहजे में कहा कि जैसे ही केंद्र की तरफ पर्यवेक्षक की नियुक्ति हो जाएगी, वैसे ही दिल्ली में सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। आमतौर पर इस पूरी प्रक्रिया को संपन्न करने में सात से आठ दिन लग जाते हैं। पार्टी में शामिल होने वालों में एंड्रयूज गंज से पार्षद अनीता बसोया, चपराना से पार्षद निखिल और आरके पुरम से पार्षद धर्मवीर शामिल हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.