नई दिल्ली : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने आम आदमी पार्टी को भाजपा की बी टीम बताया है। शनिवार को रामलीला मैदान में आयोजित भारत बचाओ रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने दिल्ली सरकार एवं केन्द्र सरकार दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने ही दिल्ली में आप की सरकार बनवाई। हमें दोनों का सामना करना होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में होने वाला विधानसभा चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने आप पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि आप वाले भाजपा के सौतेले नहीं सगे भाई हैं। यह बात साबित भी हो चुकी है।दिल्ली के अवाम की आवाज पूरे हिंदुस्तान में पहुंचती है। इस रैली में दिल्ली से भी हजारो की तादाद में जनता पहुंची है। प्रदेश कांग्रेस दिल्ली की जनता के लिए काम करती रहेगी। इस रैली में उमड़ी भीड़ भाजपा एवं आप के लिए खतरे की घंटी है।
चोपड़ा ने कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी को इंगित कर कहा कि आपने दिखा दिया कि कांग्रेस की ताकत क्या है। जिस तरह जनता पिस रही है, आपने बता दिया है कि कांग्रेस जनता की सेवा में किस हद तक जा सकती है। प्रदेश कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति के चेयरमैन कीर्ति आजाद ने कहा कि छोटे मोदी अरविंद केजरीवाल ने हमें धोखा दिया। देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी दिल्ली में ही है।
रैली से अलग बात करते हुए मुख्य प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने कहा कि पिछले 15 दिन से प्रदेश कांग्रेस रामलीला मैदान में होने वाली रैली की तैयारियों में जुटी हुई थी। प्रदेश के जिलाध्यक्ष हरी किशन जिंदल, दिनेश कुमार एडवोकेट, कैलाश जैन आदि ब्लॉल अध्यक्षों व कार्यकर्ताओँ के साथ बैठकें कर लोगों का समर्थन जुटाने में लगे थे। बाहरी दिल्ली के वरिष्ठ नेता डा. नरेश कुमार भी रैली को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ रामलीला मैदान पहुंचे। इन नेताओं का कहना है कि इस बार दिल्ली से आप पार्टी और भाजपा का सफाया हो जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



