‘आप’ बता रही फायदे तो कांग्रेस कह रही ये धोखा है

Summary :

संजय सिंह ने ई श्रीधरन के पत्र का जिक्र करते हुए कहा कि वे एक सम्मानीय व्यक्ति हैं लेकिन इस योजना को लेकर उनके मन में कुछ दुविधा है।

नई दिल्ली : दिल्ली मेट्रो में महिलाओं को मुफ्त यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के फैसले पर भाजपा एवं कांग्रेस के विरोध का सामना कर रही आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को इस मामले पर मेट्रो मैन ई श्रीधरन के पीएम मोदी को लिखे गए पत्र के बाद नए सिरे से इस योजना के लाभ एवं इसके क्रियान्वयन को लेकर अपना पक्ष रखा है। आप के राज्यसभा सभा सांसद संजय सिंह ने ई श्रीधरन के पत्र का जिक्र करते हुए कहा कि वे एक सम्मानीय व्यक्ति हैं लेकिन इस योजना को लेकर उनके मन में कुछ दुविधा है। वे इसके फायदे पूरी तरह से समझ नहीं पाए हैं। 
सिंह ने कहा कि दिल्ली मेट्रो की वर्तमान क्षमता 40 लाख यात्री प्रतिदिन हैं जबकि अभी वह 25 लाख यात्रियों को ही ले जा रही है, जो इसकी क्षमता से 15 लाख कम है। जबकि मुफ्त यात्रा योजना लागू हो जाने पर करीब 3 लाख महिलाओं के प्रतिदिन यात्रा करने का अनुमान है। इसके बाद भी मेट्रो की पूरी यात्री क्षमता का प्रयोग नहीं हो पाएगा। सांसद सिंह ने आगे कहा कि ऐसे लोग जो यह कह रहे हैं कि मेट्रो में भीड़ बढ़ जाएगी, उनकी यह बहस बिल्कुल बेबुनियाद है। उन्होंने कहा कि लोग यह भी कह रहे हैं कि फ्री यात्रा से दिल्ली मेट्रो का राजस्व कैसे बढ़ेगा तो मैं बता देने चाहता हूं कि इस योजना के लिए दिल्ली सरकार मेट्रो को पैसे देगी। 
इससे डीएमआरसी का राजस्व बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि यह योजना महिला सुरक्षा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। क्योंकि अभी महिलाएं रात में तीन-चार किलोमीटर पैदल चलती हैं। साथ ही यह योजना पर्यावरण को भी बेहतर बनाएगी। महिलाएं यदि मेट्रो में सफर करेंगी तो निजी एवं सार्वजनिक वाहनों का इस्तेमाल कम होगा, इससे न तो सड़कों पर जाम लगेगा और न ही वायु-प्रदूषण बढ़ेगा।

Desk Team