नई दिल्ली : दिल्ली सरकार द्वारा महिला सुरक्षा को लेकर तैयार की गई सीसीटीवी लगाने की परियोजना पर कई विधानसभाओं में तेजी से काम शुरू होगा गया है। सोमवार को बादली विधानसभा के स्वरूप नगर स्थित कई मोहल्लों में सीसीटीवी लगने की शुरुआत हुई। तो वहीं मोती नगर विधानसभा क्षेत्र के मनोहर पार्क डी ब्लॉक में भी सीसीटीवी लगे। आम आदमी पार्टी (आप) की सोशल मीडिया टीम ने इससे संबधित कुछ तस्वीरें भी ट्विटर पर पोस्ट की।
आप के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने बताया कि कई विधानसभा क्षेत्रों में सीसीटीवी लगने की प्रक्रिया 8 जून से शुरू हो चुकी है। वहीं कुछ विधानसभा क्षेत्रों में सर्वे खत्म हो गया है। रिपोर्ट के आधार पर इनमें भी आने वाले वक्त में सीसीटीवी लगने शुरू हो जाएंगे। सौरभ खुद ग्रेटर कैलाश से विधायक हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर शाहपुर जाट की पुरानी चौपाल पर क्षेत्रीय लोगों से सीटीटीवी पर चर्चा हुई।
यहां सीसीटीवी की बिजली का खर्च आरडब्ल्यूए उठाए, बाद में दिल्ली सरकार बिजली का खर्चा दे देगी। डेढ़ लाख सीसीटीवी लगाने का प्रस्ताव और टेंडर पास हो चुका है। 70,000 कैमरे लगाने के लिए सर्वे का काम पूरा हो चुका है। इसमें देरी इसलिए हुई, क्योंकि कैमरों के लिए तय शर्तों पर सरकार और उपराज्यपाल के बीच सहमति नहीं बन सकी थी। बता दें कि दिल्ली में स्कूल एवं विधानसभा क्षेत्रों में कुल ढाई लाख सीसीटीवी लगाये जाने हैं।


Download Android App
Download iOS App



