दिल्ली के मंत्री और आम आदमी पार्टी ‘आप’ के सांसद, विधायक एवं पार्षद उपराज्यपाल को व्यापक शक्तियां देने वाले केंद्र के विधेयक के खिलाफ बुधवार को यहां जंतर मंतर में प्रदर्शन करेंगे। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व संभवत: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल करेंगे, क्योंकि आप की योजना केंद्र सरकार के कदम के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराना है।
राज्य में कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने कहा, ‘‘दिल्ली के सभी कैबिनेट मंत्री, विधायक, आप सांसद और पार्षद विरोध प्रदर्शन में भाग लेंगे।’’ उन्होंने कहा कि लोकसभा में सोमवार को पेश किया गया केंद्र सरकार का विधेयक ‘‘असंवैधानिक’’ है। केजरीवाल ने सोमवार को भाजपा पर आरोप लगाया कि वह लोकसभा में एक नया विधेयक लाकर उनकी चुनी हुई सरकार की शक्तियों को ‘‘बहुत कम’’ करना चाहती है।
दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र शासन संशोधन विधेयक, 2021 के अनुसार, दिल्ली विधानसभा में पारित विधान के परिप्रेक्ष्य में ‘‘सरकार’’ का आशय राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के ‘‘उपराज्यपाल’’ से होगा। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सोमवार को कहा था कि केंद्र सरकार का यह विधेयक उपराज्यपाल को अनुचित शक्तियां देकर दिल्ली की प्रगति को बाधित कर देगा।


Download Android App
Download iOS App



