नई दिल्ली : दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के अडानी ग्रुप द्वारा पाकिस्तान को बिजली निर्यात किये जाने के संबंध में किये गये एक ट्वीट को लेकर दिल्ली की राजनीति में कुछ समय के लिए गर्माहट पैदा हो गई। इस मामले में अडानी ग्रुप ने पलटवार करते हुए ऐसे किसी भी निर्यात का खंडन किया है। वहीं इस मामले पर भाजपा भी एक्शन मोड में आ गई।
सिसोदिया ने अपने ट्वीट में कहा था कि अडानी ग्रुप से क्यों नही कहा जाता कि वे पाकिस्तान को बिजली का निर्यात रोक दें। इसी बिजली की आपूर्ति देश के उन गांव-कस्बों में की जाए जिनको बिजली की सबसे ज्यादा आवश्यकता है। हालांकि कुछ समय बाद उपमुख्यमंत्री ने यह ट्वीट डिलीट कर दिया। इस मामले पर अड़ानी ग्रुप ने भी जवाब देने में देर नहीं की।
अडानी ग्रुप ने ट्वीट कर कहा कि वे पाकिस्तान को कोई बिजली सप्लाई नहीं करते इसलिए ऐसे गलत एवं गैर जिम्मेदाराना बयानों को वापस लिया जाए। वहीं भाजपा ने भी इसकी कड़ी निंदा की है। इस बारे में दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री पुलवामा हमले के बाद ओछी राजनीति कर रहे हैं।
कुछ ही घंटों में अडानी ग्रुप ने डिप्टी सीएम को जवाब दे दिया है कि वे पाकिस्तान को कोई बिजली निर्यात नहीं करते। जिसके बाद झूठ पकड़े जाने के डर से सिसोदिया ने वह ट्वीट डिलीट कर दिया। कपूर ने कहा कि इससे पता चलता है कि केजरीवाल सरकार सुरक्षा के मामले में आज भी उतनी ही ओछी राजनीति कर रही है जितनी सर्जिकल स्ट्राइक के समय की थी।


Download Android App
Download iOS App




