अमानतुल्लाह खान को झूठे केस में फंसाया जा रहा : प्रियंका कक्कड़

Summary :

प्रियंका कक्कड़ का दावा: अमानतुल्लाह खान पर झूठा केस

दिल्ली की ओखला विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान को दिल्ली पुलिस ढूंढ रही है। ‘आप’ प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने बुधवार को न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए दावा किया कि अमानतुल्लाह खान को झूठे केस में फंसाया जा रहा है। ‘आप’ प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, “ऐसा कहा जा रहा है कि जिस आरोपी को पुलिस पकड़ने गई थी, वो बेल पर है। जब उनको कागज दिखा दिए गए, तो पुलिस ने अपनी गलती छुपाने के लिए अमानतुल्लाह खान पर उल्टा केस बना दिया।”

उन्होंने आगे कहा कि “भाजपा की एजेंसी और पुलिस को ऐसी नकारात्मक राजनीति बंद करनी चाहिए। दिल्ली की जनता ने भाजपा को स्पष्ट बहुमत दिया है, तो उन्हें शासन के मुद्दे पर काम करना चाहिए और नकारात्मकता को छोड़ना चाहिए। बिना बात के उन पर फर्जी केस बनाया जा रहा है, पुलिस को वो लोग नहीं दिख रहे हैं, जिन्होंने अरविंद केजरीवाल पर पथराव किया था। पुलिस उन पर कार्रवाई करे।”

बता दें कि आम आदमी पार्टी के ओखला से विधायक अमानतुल्लाह खान की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। दिल्ली पुलिस और क्राइम ब्रांच की जॉइंट टीम उनकी तलाशी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि जल्द ही खान को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी (आप) के ओखला विधायक अमानतुल्ला खान के खिलाफ जामिया नगर में अपराध शाखा के ऑपरेशन में बाधा डालने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।

सोमवार को क्राइम ब्रांच ने एक अपराधी को पकड़ने के लिए जामिया क्षेत्र में छापेमारी की थी, लेकिन विधायक अमानतुल्लाह खान की मदद से अपराधी शाहबाज खान भागने में सफल रहा। पुलिस का आरोप है कि खान और उनके समर्थकों ने जानबूझकर कानून प्रवर्तन प्रयासों में हस्तक्षेप किया, जिसके परिणामस्वरूप अपराधी फरार हो गया।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अमानतुल्लाह खान पर दर्ज की गई एफआईआर में धारा 221, 132 और 121(1) सहित संबंधित बीएनएस धाराओं का हवाला दिया गया है। पुलिस ने कहा कि क्राइम ब्रांच शाहबाज खान को गिरफ्तार करने के लिए ऑपरेशन चला रहा था, जिस पर हत्या के प्रयास का आरोप है और वह घोषित अपराधी भी है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.