नई दिल्ली : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को उत्तर-पश्चिमी लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी हंसराज हंस और चांदनी चौक सीट से प्रत्याशी के चुनाव प्रचार के लिए रोहिणी के जापानी पार्क में विशाल जनसभा को संबोधित किया। अमित शाह की दिल्ली के लोकसभा चुनाव को लेकर यह दूसरी रैली थी जिसके लिए तय समय से पहले ही लोग उन्हें देखने और सुनने के लिए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने शुरू हो गए थे। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि मैं राहुल गांधी के लोकसभा क्षेत्र से रोड शो करके आया हूं और दावे से कह सकता हूं कि अमेठी में भी कमल खिलने वाला है।
मैं इतना ही कहना चाहता हूं कि मैं फिर आऊंगा और केजरीवाल का पर्दाफाश करुंगा। ये चुनाव देश की सुरक्षा के मुद्दे पर लड़ा जाने वाला चुनाव है। जिस प्रकार से नरेन्द्र मोदी ने पीएम रहते हुए देश की सुरक्षा को सुनिश्चित करने वाले निर्णय लिए वह उनके 56 इंच के सीने का प्रतीक हैं। उन्होंने दोनों प्रत्याशियों को जीताने की अपील करते हुए कहा कि दिल्ली वालों को तय करना होगा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर वे फिर से नरेन्द्र मोदी को पीएम बनाकर आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देंगे।
इस अवसर पर रक्षामंत्री व दिल्ली की लोकसभा चुनाव प्रभारी निर्मला सीतारमण ने कहा कि बालाकोट में हुई सैन्य कार्रवाई के बाद देश की जनता ने मान लिया कि प्रधानमंत्री मोदी के हाथों में देश सुरक्षित है। एयर स्ट्राइक हुई, लेकिन पाकिस्तान कभी नहीं मानेगा की कितने आंतकी मारे गये हैं। हमें कितने आतंकी मारे गये इस पर ध्यान नहीं देना है। अब समय आ गया है कि अपनी मेहनत को दिल्ली में लगाकर दिल्ली की सातों सीटें जीताकर प्रधानमंत्री को सशक्त बनाने के लिए काम किया जाए। वहीं उत्तर-पश्चिमी लोकसभा के प्रत्याशी हंसराज हंस ने कहा कि दिन-रात काम करने वाले प्रधानमंत्री मोदी के हाथों में हिंदुस्तान सुरक्षित है।
यह चुनाव हार और जीत का नहीं है, यह देश की सुरक्षा का चुनाव है, एक तरफ देश को बचाने वाली शक्तियों का नेतृत्व नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं और दूसरी तरह देश को तोड़ने का नेतृत्व महामिलावटी गठबंधन कर रहा है। लोकसभा चुनाव सह-प्रभारी जयभान सिंह पवैया ने कहा कि 1971 की लड़ाई का श्रेय कांग्रेस ने इंदिरा गांधी को दिया था तो फिर सर्जिकल और एयर स्ट्राइक का श्रेय नरेन्द्र मोदी को दिए जाने पर विपक्ष को क्यों आपत्ति होती है।
केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल ने कहा कि केजरीवाल सरकार कांग्रेस के विरोध में आई थी, लेकिन भ्रष्टाचारियों से समझौता करने के लिए दंडवत हो गए। नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पांच साल तक बिना रुके लगातार देश के लिए काम किया है, लेकिन कांग्रेस और आम आदमी पार्टी झूठ की राजनीति कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



