नई दिल्ली : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की दिल्ली में पहली जनसभा बुधवार को होगी, यह जनसभा पहले मंगलवार को होनी थी। उम्मीद है कि आगे भी विशाल जनसभाओं को चुनाव से पूर्व ऐन मौके पर ही रखा जाएगा जिससे कि जनता पर अधिक से अधिक प्रभाव पड़ सके।
सूत्रों के मुताबिक अमित शाह दक्षिणी दिल्ली के वसंत कुंज के दशहरा मैदान में बुधवार को जनता को संबोधित करेंगे। इसके लिए युद्ध स्तर पर पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता दिन-रात जुटे हुए हैं। इसके लिए मंडल से लेकर विधानसभा में बैठकों का दौर खत्म हो चुका है और कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचे। इसके लिए मंडल स्तर पर बस भरो अभियान भी चलाया गया है।
यूं भी अमित शाह की पहली जनसभा है और यदि भूलवश बुधवार को कुर्सियां खाली रह गईं तो आयोजनकर्ताओं की खैर नहीं है। इसे प्री-बोर्ड परीक्षा से कम नहीं माना जा रहा है। बताया गया है कि दक्षिणी और नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के लिए आयोजित होने जा रही इस जनसभा में करीब 35 हजार लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।
ऐसे में हर विधानसभा क्षेत्र और मंडल में संपर्क साधा गया है। कई मायने में यह जनसभा आगामी रैली व जनसभाओं की रूपरेखा तय करने वाली होगी क्योंकि अभी दिल्ली में प्रधानमंत्री भी कम से कम दो सभाओं को संबोधित करेंगे। ऐसे में यदि कुछ कमी पेशी रह भी गई तो उसे आगे दुरुस्त कर लिया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



