मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा मुफ्त वाई-फाई और दूसरे फेज में सीसीटीवी कैमरे लगाने की घोषणा को चुनावी वादा करार देते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि केजरीवाल पिछले साढ़े चार साल से हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। अब उनका कार्यकाल पूरा होने को है तो दिल्लीवालों को मुफ्त वाई-फाई देने का वादा पूरा कर चुनावी स्टंट कर रहे हैं। दअरसल केजरीवाल को मालूम है कि उससे पहले आदर्श चुनाव आचार संहिता लग सकती है और वह इसकी आड़ में दिल्ली के लोगों को एक बार फिर गुमराह करने की कोशिश करेंगे।
तिवारी ने कहा कि केजरीवाल वाई-फाई लगाने का झुनझुना एक बार फिर दिल्ली की जनता को देकर गुमराह करना चाहते हैं क्योंकि विधानसभा के चुनाव नजदीक हैं और केजरीवाल को पता है कि इस समय की गई कोई भी घोषणा उन्हें पूरी नहीं करनी है। इसलिए इस समय केजरीवाल कोई भी लुभावना वादा कर सकते हैं, लेकिन दिल्ली की जनता पिछले साढ़े चार साल से उनकी कार्यशैली को भलीभांति जान चुकी है कि केजरीवाल सिर्फ घोषणा मंत्री हैं। उन्हें अपने वादों को पूरा करने की बजाय लोगों को झूठा सब्जबाग दिखाकर ठगना है।
तिवारी ने कहा कि केजरीवाल ने जो भी वादे किये थे उनमें से कोई भी वादा पूरा नहीं किया। बात चाहे डीटीसी बसों में मार्शल लगाने की हो, अनधिकृत कॉलोनियों को पास करने की हो, नये स्कूल-कॉलेज या नया अस्पताल बनाने की हो, सीसीटीवी कैमरे लगाने या फ्री वाई-फाई लगाने का वादा हो। दिल्ली की जनता जानती है कि केजरीवाल अनधिकृत कॉलोनियों के पास होने में रोड़ा बनते रहे हैं, जिसके कारण केन्द्र सरकार ने खुद पहल कर अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने का रास्ता साफ किया। सीसीटीवी कैमरे लगाने का दिखावा कर थोड़े बहुत जो कैमरे लगाये गये, वे भी साथ-साथ खराब होते गये जिसके कारण कोर्ट को हस्तक्षेप कर केजरीवाल को खराब कैमरे ठीक करने का आदेश देना पड़ा।


Download Android App
Download iOS App



