दक्षिणी दिल्ली : महरौली के छतरपुर पहाड़ी इलाके में रेव पार्टी का खुलासा होने के बाद बवाल मचा हुआ है। इस बीच सोमवार को रेव पार्टी में छापा मारकर आबकारी विभाग की टीम के साथ जिन 8 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, उन्हें सोमवार को साकेत कोर्ट में पेश किया गया। पेशी के बाद 8 में से 7 लोगों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जबकि आयोजकों में शामिल आरोपी पुलकित रस्तोगी को पुलिस ने पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है। इस मामले में पुलिस मुख्य आयोजनकर्ता गौरव मावी और अली की तलाश में जुटी हुई है।
जिसके लिए पुलकित रस्तोगी से पूछताछ कर उनके बारे में पता लगाया जा रहा है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस दोनों मुख्य आयोजकों की तलाश में सभी संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस इसके लिए गिरफ्तार आरोपी पुलकित रस्तोगी से भी पूछताछ कर उनके सभी ठिकानों के बारे में पता लगा रही है। पुलिस आरोपी पुलकित से पूछताछ कर उस स्त्रोत का पता लगाने का प्रयास कर रही है, जहां से ड्रग्स और चरस की बड़ी खेप मंगाई गई थी।
जिससे नशे के उस कारोबारी तक पहुंचा जा सके, जो इतने बड़े स्तर पर दिल्ली में ड्रग्स की तस्करी कर रहा है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान पार्टी से बरामद नशे की गोलियों की जांच के लिए एफएशएल की टीम को सौंपी है। पुलिस को शक है कि मुख्य आयोजक इस तरह की पार्टी पहले भी आयोजित करते रहे हैं, जिसकी वजह से उनका सम्पर्क ड्रग्स तस्करों से भी है।
पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला कि मुख्य आयोजक गौरव मावी पर पहले से ही कोर्ट में कई केस चल रहे हैं। जिसके बारे में आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही खुलासा होगा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि जिस धान मिल के कम्पाउंड में रेव पार्टी का आयोजन किया गया था, वहां पहले भी पार्टी होती रही है। अब पुलिस को इस बात का संदेह है कि कहीं पहले भी उन पार्टियों में ड्रग्स व अन्य प्रतिबंधित नशा का इस्तेमाल तो नहीं किया जाता था।


Download Android App
Download iOS App



