नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने दिल्ली में सीलिंग ड्राइव के मसले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मायापुरी में सीलिंग ड्राइव के माध्यम से व्यापारियों को प्रताड़ित करने और उन्हें सड़क पर लाने का कार्य दिल्ली सरकार की मदद से किया जा रहा है।
मायापुरी में शनिवार को पथराव के कारण स्थिति बिगड़ गई थी, जो कि निंदनीय है। इस प्रकार की चीजें नहीं होनी चाहिए, लेकिन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जो चाहे वो करवा सकते हैं।
भाजपा को बदनाम कर रहे सीएम केजरीवाल
मनोज तिवारी ने कहा कि मैं यह बात पूरे दावे से कह सकता हूं कि इस सबके पीछे अगर कोई व्यक्ति है तो वे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हैं, जो अधिकारियों की मदद से एक साजिश के तहत ऐसा कार्य कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सीलिंग पर जो एसडीएम कार्यवाही कर रहे थे उन्हें आदेश देने का काम अरविंद केजरीवाल ने किया क्योंकि वे दिल्ली सरकार में कार्यरत हैं और चुनाव के वक्त केजरीवाल को फायदा पहुंचाने के लिए भाजपा को बदनाम करने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने भाजपा को नीचा दिखाने और दुष्प्रचार करने के लिए सीलिंग के मुद्दे को एक बार फिर से हवा दी है। यह सीलिंग दिल्ली सरकार के प्रदूषण विभाग के आदेश पर की गई है। दिल्ली सरकार के राजस्व सचिव ने सीलिंग कराने के लिए पूरी तरह से दवाब डाला जो सीधे तौर पर केजरीवाल के अधीन कार्य करते हैं।


Download Android App
Download iOS App



