आबकारी घोटाले में सीबीआई के समन को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि सीबीआई ने रविवार को उन्हें बुलाया है और वह जरूर जाएंगे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कहना चाहते हैं कि केजरीवाल भ्रष्टाचारी है तो इस दुनिया में कोई भी ऐसा नहीं हो सकता जो भ्रष्टाचार में कंठ तक न डूबा हो। उन्होंने कहा कि 75 साल के इतिहास में पहली बार किसी पार्टी को इस तरह से टारगेट किया जा रहा है।
सीबीआई के जरिए उनकी गर्दन को पकड़ना चाहते हैं
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पहले नंबर थ्री को अरेस्ट किया, फिर नंबर टू को अरेस्ट किया। यह सब इसलिए किया, क्योंकि पीएम मोदी ईडी और सीबीआई के जरिए उनकी गर्दन को पकड़ना चाहते हैं। यह सब यूं ही नहीं हो रहा है। इसके पीछे बड़ा कारण है। हमने देश की जनता को एक उम्मीद दी है। ये लोग उसी उम्मीद को कुचलने के लिए केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को कुचलना चाहते हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये गुजरात में बीते 30 साल से सरकार चला रहे हैं, लेकिन फोटो खिंचाने भर के लिए भी एक स्कूल को व्यवस्थित नहीं कर पाए हैं।
स्कूल में फोटो खिंचाना था तो टेंट में पूरी व्यवस्था की गई
अभी पीएम मोदी को एक स्कूल में फोटो खिंचाना था तो टेंट में पूरी व्यवस्था की गई। इधर, हमने दिल्ली में सभी स्कूलों का कायाकल्प कर दिया। इसे पूरे देश ने देखा है और अब देश को आम आदमी पार्टी से बड़ी उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ईडी और सीबीआई पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि एक के बाद एक व्यक्ति को पकड़ा जाता है और उसके साथ मारपीट कर दबाव बनाया जाता है कि वह दिल्ली के पॉलिटिशियन का नाम लें।
केजरीवाल ने कथित आबकारी नीति का समर्थन किया
अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कथित आबकारी नीति का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि वह नीति लागू होती तो भ्रष्टाचार खत्म हो जाता। यही नीति उन्होंने पंजाब में लागू की है। इससे वहां 50 फीसदी राजस्व बढ़ गया है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में इन्होंने लागू नहीं होने दिया, लेकिन पंजाब में इसलिए यह लागू हो सकी है, क्योंकि वहां इनका बस नहीं चलता।


Download Android App
Download iOS App



