ASI Suicide Case Delhi: दिल्ली नगर निगम के नॉर्थ जोन में एएसआई की आत्महत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मृतक एएसआई राजकुमार सोलंकी के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और मामले में गंभीर आरोप लगाए। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि घटना को एक सप्ताह होने के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं होना कई सवाल खड़े करता है। प्रवीण कुमार ने आरोप लगाया कि एमसीडी के अधिकारियों द्वारा कथित उत्पीड़न से परेशान होकर एएसआई ने नॉर्थ जोन कार्यालय की इमारत से कूदकर जान दी, लेकिन जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित एमसीडी और मेयर की ओर से अब तक कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं आई है, जो प्रशासनिक संवेदनहीनता को दर्शाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ित परिवार को अब तक न तो मुआवजे का आश्वासन दिया गया है और न ही परिवार के किसी सदस्य को सरकारी नौकरी देने की बात कही गई है। “आप” ने मांग की है कि परिवार के एक सदस्य को उसी पद पर नौकरी दी जाए और एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। प्रवीण कुमार ने पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग दोहराते हुए कहा कि नॉर्थ जोन में पहले भी भ्रष्टाचार के कई मामले सामने आ चुके हैं और रिश्वतखोरी के आरोप में उपायुक्त तक निलंबित हो चुके हैं।
ऐसे में इस घटना में भी कई तथ्यों को छिपाने की आशंका है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर अरविंद केजरीवाल से भी चर्चा हुई है और पार्टी नेतृत्व लगातार नजर बनाए हुए है। “आप” ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान कई पार्षद और स्थानीय नेता भी मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App




