दिल्ली की पीडब्ल्यूडी मंत्री आतिशी ने सोमवार को दिल्ली में बन रही एक फ्लाईओवर का निरीक्षण किया जिसके बाद असंतोष जताया। क्योंकि इसमें जितना समय लगना चाहिए था उससे अधिक समय लग रहा है। मंत्री आतिशी ने निर्माण कार्य में एक महीने की देरी पर अधिकारियों को फटकार लगाई। आतिशी ने कहा कि बचे हुए काम को एक महीने के भीतर पूरा करना होगा, नहीं तो अधिकारियों को कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
फ्लाईओवर का निर्माण जल्द पूरा हो – आतिशी
मंत्री आतिशी को जानकारी देते हुए अधिकारियों ने कहा कि 90 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है और लंबित काम जल्द ही पूरा हो जाएगा। उन्होंने मंत्री को बताया कि फ्लाईओवर सितंबर में जनता के लिए खोल दिया जाएगा। आतिशी ने कहा कि सराय काले खां ट्रैफिक की दृष्टि से सबसे व्यस्त इलाकों में से एक है। इस क्षेत्र में पहले से ही एक रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन और आईएसबीटी है। सराय काले खां जल्द ही एक महत्वपूर्ण परिवहन केंद्र के रूप में विकसित होगा, इसलिए अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि फ्लाईओवर का निर्माण जल्द पूरा हो।
आईटीओ से आश्रम तक बनाया जा रहा
उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार सराय काले खां टी-जंक्शन को भीड़-भाड़ से मुक्त बनाने के लिए एक फ्लाईओवर का निर्माण कर रही है। आईटीओ से आश्रम तक बनाया जा रहा यह 643 मीटर लंबा, 3-लेन फ्लाईओवर रिंग रोड पर सिग्नल-मुक्त कॉरिडोर बनाएगा, जिससे यात्रियों को समय की बचत होगी और ईंधन की खपत कम होगी। मंत्री ने कहा कि इस फ्लाईओवर के निर्माण से रिंग रोड पर ट्रैफिक सुचारू हो जाएगा, जिससे आईटीओ से आश्रम तक प्रतिदिन यात्रा करने वाले लोगों को फायदा होगा।


Download Android App
Download iOS App



