दक्षिणी दिल्ली : दक्षिण जिला के स्पेशल स्टाफ पुलिस ने गैस कटर और सफेद रंग की एक एसयूवी कार की मदद से एटीएम मशीनों को उखाड़कर अब तक करीब डेढ़ करोड़ रुपए उड़ाने वाले मेवाती गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर में अब तक करीब एक दर्जन से अधिक एटीएम को अपना निशाना बना चुका है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोहराब के रूप में की है। पुलिस उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य बदमाशों की तलाश में जुटी है।
डीसीपी विजय कुमार ने बताया कि बीते साल 29 दिसम्बर को आया नगर में कैनरा बैंक का एटीएम उखाड़ने की कोशिश की गई थी। मशीन में 21 लाख रुपए थे, जो बच गए। फतेहपुर बेरी थाना पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच का जिम्मा एसीपी ऑपरेशन के नेतृत्व में इंस्पेक्टर प्रफुल कुमार की टीम को सौंपा गया।
टीम में शामिल एसआई एके झा, विजय पाल, राहुल, एएसआई इस्लामुद्दीन, एचसी मक्सूद आदि बदमाशों की तलाश में जुट गए। इसी बीच गत 23 मार्च को द्वारका सेक्टर-23 एवं नवादा में एटीएम को उगाड़ने की घटनाएं सामने आईं। पुलिस टीम ने दोनों घटनास्थलों का जायजा लिया। वारदात में सफेद रंग की एसयूवी का इस्तेमाल किया गया था। यहीं से पुलिस टीम को सुराग हाथ लग गया। पता चला कि यह एक मेवात गिरोह है।


Download Android App
Download iOS App



