दिल्ली के जामिया नगर में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) विरोधी प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने से कुछ मिनट पहले हथियारबंद व्यक्ति ने फेसबुक पर कई पोस्ट डाली। इनमें उसने लिखा ‘आजादी दे रहा हूं’,‘शाहीन बाग खेल खत्म’ और ‘मेरे घर का ख्याल रखना’।
आरोपी शख्स ने अपने फेसबुक प्रोफाइल पर खुद को रामभक्त बता रखा है लेकिन पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्हें अभी यह पता लगाना है कि क्या यह उसका सही नाम है।
व्यक्ति प्रदर्शनस्थल से पांच बार फेसबुक पर लाइव हुआ और उसके प्रोफाइल की कवर पिक्चर में उसे तलवार लिए हुए दिखाया गया है।
एक के बाद एक कई पोस्ट में हमलावर ने कहा,‘‘आजादी दे रहा हूं,शाहीन बाग खेल खत्म,मेरे घर का ख्याल रखना, और ‘मेरी अंतिम यात्रा पर मुझे भगवा में ले जाएं और श्रीराम के नारे हों।’’
फेसबुक पोस्ट के स्क्रीनशॉट तेजी से साझा किए जाने लगे जिसके कुछ देर बाद प्रोफाइल को हटा दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे एक समूह पर एक व्यक्ति ने गोली चलाई जिसमें एक छात्र घायल हो गया और उसके बाद वह पिस्तौल हवा में लहराते हुए आराम से निकल गया।
पुलिस की भारी संख्या में तैनाती के बीच उसने चिल्लाकर कहा, ‘ये लो आजादी।’ व्यक्ति को बाद में पुलिस ने हिरासत में ले लिया।


Download Android App
Download iOS App



