NDMC का बड़ा फैसला, छात्रों के लिए आयोजित करेगी चित्रकारी प्रतियोगिता

Summary :

नई दिल्ली नगरपालिका परिषद अगले सप्ताह स्कूली छात्रों के लिए एक चित्रकारी प्रतियोगिता आयोजित करेगी, जिसका विषय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लिखित पुस्तक ‘एग्जाम वॉरियर्स’ से सीख होगा।

नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) अगले सप्ताह स्कूली छात्रों के लिए एक चित्रकारी प्रतियोगिता आयोजित करेगी, जिसका विषय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लिखित पुस्तक ‘एग्जाम वॉरियर्स’ से सीख होगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एनडीएमसी के सदस्य कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि यह कार्यक्रम 26 दिसंबर को तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।‘एग्जाम वॉरियर्स’- 193 पृष्ठों की एक किताब है जो छात्रों को विभिन्न मंत्र प्रदान करती है और उन्हें परीक्षाओं के बारे में चिंता न करने के लिए प्रेरित करती है। यह पुस्तक 2018 में जारी की गई थी।
चहल ने पालिका केंद्र स्थित अपने कार्यालय में संवाददाताओं से कहा कि यह एक खुली प्रतियोगिता होगी और अन्य एजेंसियों के तहत संचालित स्कूल भी इसमें भाग ले सकते हैं।’’उन्होंने कहा कि एनडीएमसी के तहत 45 स्कूल हैं।चहल ने कहा, ‘‘हम लगभग 1,500 छात्रों की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए तैयारी कर रहे हैं, जिसमें हमारे स्कूलों के लगभग 1,000 छात्र शामिल हैं।’’उन्होंने कहा कि विजेता छात्रों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।

Desk Team