सितारगंज : कोतवाली पुलिस ने चोरी गई दस बाइकें बरामद कर दो चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से नौ बाइकों के साथ एक बाइक के पार्टस बरामद हुए है। चोर बाइकों को काटकर बाजार में पार्टस बेचते थे। पुलिस अब बाइक के पार्टस खरीदने वाले दुकानदारों की तलाश कर रही हैं। कोतवाली में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एएसपी देवेन्द्र फिंचा ने बताया कि सिडकुल की अलपला, बालाजी आदि फैक्ट्रियों की पार्किंग से नौ बाइक चोरी हुई थी।
इन मामलों में धर्मवीर सिंह, ललित पौडियाल, विश्वजीत मंडल, हरप्रीत सिंह, इम्तियाज अहमद, राममिलन ने बाइक चोरी के मुकदमे दर्ज कराए थे। जिसके बाद पुलिस की टीमें चोरों की तलाश में जुट गई। बताया गया कि पुलिस टीम ने बमनपुरी तिराहे पर चैकिंग के दौरान विक्रम पुत्र तपन निवासी बैकुंठपुर शक्तिफार्म को बाइक के साथ हिरासत में ले लिया। उसके कब्जे से चोरी गई एक बाइक बरामद हुई। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपने साथी बाइक मेकेनिक निताई मंडल का नाम उगल दिया।
जिसके बाद पुलिस ने निताई मंडल के कब्जे से नौ बाइक बरामद कर एक बाइक के पार्टस कब्जे में ले लिए। एसएसपी ने बताया कि बाइक चोरी के बाद आरोपी उसे काटकर बेचते थे। पैसे के लालच में उन्होंने चोरी का जरिया अपनाया। चोरों को पकड़ने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार, एसएसआई मदन मोहन जोशी, एसआई रमेश चंद्र बेलवाल, विनोद जोशी, कांस्टेबल कमल पाल, विनोद जोशी, नरेन्द्र यादव, महेन्द्र डंगवाल आदि शामिल थे। सीओ हिमांशु शाह ने इसे पुलिस की बड़ी उपलब्धि बताया।


Download Android App
Download iOS App



