नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री और जलबोर्ड के चेयरमैन अरविंद केजरीवाल ने रविवार को मुंडका विधानसभा के कराला में 165 लाख लीटर क्षमता के अंडर ग्राउंड रिजरवॉयर (यूजीआर) और बूस्टर पंपिंग स्टेशन का उद्घाटन किया। नए यूजीआर की शुरुआत से 14 गांव और 27 अनधिकृत कॉलोनी में जलापूर्ति की क्षमता बढ़ जाएगी। जिससे करीब पांच लाख 36 हजार लोगों को सीधा फायदा होगा।
साथ ही इस यूजीआर से कई गांवों में जलापूर्ति कीकी समस्या पूरी तरह से खत्म हो जाएगी। दिल्ली में अनधिकृत कॉलोनियों में विकास कार्यों की अनदेखी को लेकर सीएम ने भाजपा और कांग्रेस को भी घेरा। साथ ही दिल्ली सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि हमने जब सरकार बनायी थी तो लोगों ने हमें जिम्मेदारी दी थी कि हम कच्ची कॉलोनियों का विकास करेंगे और उनमें बिजली-पानी और सड़के बनवाएंगे।
अब साढ़े चार साल बाद हम अपने वादे पर खरे उतरे। सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज शुरु हुए यूजीआर से दो कच्ची कॉलोनियों उदय विहार कंझावला और हरि विहार गांव जौंती में पानी की आपूर्ति पहले से बढ़ जाएगी। जबकि 25 कॉलोनियों में पहली बार पानी पहुंचेगा। एक अन्य कॉलोनी में भी पहली बार पानी पहुंचेगा। सीएम ने कहा कि हमारी पार्टी तो सात-आठ साल पुरानी है, जब हमनें पांच साल में यहां पानी पहुंचा दिया तो आजादी के 70 साल के भीतर अन्य पार्टियां ऐसा क्यों नहीं कर सकीं? इनकी नीयत खराब थी, हमने साढ़े चार साल में ऐसा काम कर दिखाया जो ये 70 सालों में नहीं कर पाईं।
केजरीवाल ने कहा भाजपा और कांग्रेस ने कच्ची कॉलोनियों को पक्का करने के नाम पर केवल वोट मांगने का काम किया,उनकी नीयत ही नहीं थी, वो काम करना ही नहीं चाहते थे। केजरीवाल ने कहा कि हमें राजनीति करनी नही आती, हमें केवल काम करना आता है। बस यही हमारी कमजोरी है। हमने सरकार बनते ही एक ही महीने में बिजली के रेट कम कर दिये तो कुछ लोगों ने कहा कि इतनी जल्द काम नहीं करते, सरकार के बाद के सालों में काम किये जाते हैं तो मैंने कहा कि हम काम करने आए हैं।
हमें राजनीति करनी नहीं आती। सीएम ने कहा कि मुझे आज ये देखकर खुशी होती है कि हमने दिल्ली की कच्ची कॉलोनियों में विकास कराए लेकिन भाजपा और कांग्रेस ने केवल वीआईपी एरिया में ही काम कराया। क्योंकि वे लोग वहां रहते हैं। बाकी दिल्ली से उन्हें को मतलब नहीं है।
सीएम ने कहा कि हमने बिजली-पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बढ़िया काम किया है। सरकार की कोशिश से आप सभी के अगले बिजली बिल जीरो आएंगे। उन्होंने कहा कि मैंने विकास में पैसा लगाया, कोई पैसा खाया नहीं। इस अवसर पर सीएम ने तीर्थ यात्रा योजना के बारे में भी बुजुर्गों को जानकारी दी।


Download Android App
Download iOS App



