राजस्थान में बढ़ रहे दुष्कर्म के आंकड़े पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा दिए गए बयान की बीजेपी ने निंदा की है। पार्टी ने कहा है कि मुख्यमंत्री का यह बयान महिलाओं के स्वाभिमान और सशक्तिकरण पर हमला है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत का यह बयान कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है।
बीजेपी मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए संबित पात्रा ने कहा कि एनसीआरबी के डेटा से यह दुखद तथ्य सामने आया है कि दुष्कर्म मामले में कांग्रेस शासित राजस्थान देश मे पहले नंबर पर है, लेकिन महिलाओं के सम्मान से जुड़े इस मामले पर अशोक गहलोत ने जो बयान दिया है वो कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है और यह महिलाओं के स्वाभिमान और सशक्तिकरण को लेकर दिया गया बहुत ही असंवेदनशील बयान है।
संबित पात्रा ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत ने यह बयान दिया कि लड़की के अपने जानकार ही दुष्कर्म करते हैं और 56 प्रतिशत दुष्कर्म के मामले झूठे होते हैं। 56 प्रतिशत मामलों में लड़कियां झूठ बोलती हैं और ऐसी लड़कियों के खिलाफ वो (गहलोत) कार्रवाई करेंगे।
राजस्थान में रेप के मामलों पर बोले गहलोत, कहा- NCRB के आंकड़ों से बदनाम करने की कोशिश
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि दुष्कर्म पीड़िता के साथ खड़े होकर उनका मनोबल बढ़ाने के बदले एक मुख्यमंत्री इस तरह का बयान देकर उनका हौसला तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, क्या ऐसी हालत में महिलाएं राजस्थान के पुलिस थानों में जाकर रिपोर्ट दर्ज करवा पाएंगी? क्या महिलाएं अपनी लड़ाई लड़ पाएगी? उन्होंने कहा कि गहलोत का यह बयान कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है और उन्हें इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।
दरअसल, अशोक गहलोत ने शुक्रवार को बयान देते हुए कहा कि कौन बलात्कार करता है? ज्यादातर अपराधी लड़की के रिश्तेदार, परिचित और परिवार होते हैं। झूठे आंकड़े हैं, महिलाओं के खिलाफ अपराधों के 56% मामलों में झूठे शामिल होता है। ऐसे मामलों में हमने कार्रवाई शुरू कर दी है।


Download Android App
Download iOS App



