भाजपा आम आदमी पार्टी की तरह झूठे वादे नहीं करती : आशीष सूद

Summary :

आशीष सूद का पलटवार: भाजपा के वादे झूठे नहीं होते

आयुष्मान योजना को कैबिनेट से मंजूरी मिलने पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद ने कहा कि हमने दिल्ली वालों से किया वायदा पूरा कियाहै। दावा किया कि भाजपा ‘आप’ की तरह झूठे वादे नहीं करती है। सूद ने पूर्व सीएम आतिशी के वार पर भी पलटवार किया। आतिशी ने भाजपा के संकल्प पत्र की बात करते हुए महिलाओं को ढाई हजार रुपए की सहायता राशि देने वाले वायदे की याद दिलाई थी।

आशीष सूद ने आप को ‘झूठा’ करार देते हुए कहा, “भारतीय जनता पार्टी आम आदमी की तरह झूठे वादे नहीं करती है। आप लोग बहुत जल्द ही इस बात को सुनेंगे कि हम अपने सभी वादों को पूरा करेंगे। आने वाले दिनों में हम कई स्कीम लागू करेंगे। इस दिशा में हमारी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पूरी शिद्दत से काम कर रही हैं। हम यह पूरी कोशिश करेंगे कि दिल्ली की जनता के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। हम दिल्ली की जनता के हितों को लेकर कल भी गंभीर थे और आगे भी गंभीर रहेंगे। रही बात आम आदमी पार्टी की, तो हम इन लोगों की तरह नहीं हैं, जो जनता से वादे करके अपने कदम पीछे खींच लेते हैं।”

उन्होंने कहा कि हमें पता है कि दिल्ली की जनता को हमसे बहुत उम्मीदें हैं। हमारी पूरी कोशिश है कि हम जनता की उम्मीदों को पूरा करेंगे। हम उनकी उम्मीदों को पूरा करने में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि हमें थोड़ा समय चाहिए। हमने जनता के हितों और उनकी उम्मीदों को लेकर जो भी योजनाएं बनाई हैं, उन्हें जल्द ही पूरा करेंगे। हमारी पूरी कोशिश रहेगी कि दिल्ली की जनता की हमसे कोई शिकायत न रहे। हम उनकी उम्मीदों पर खरा उतर सकें। उन्होंने कैग रिपोर्ट के संदर्भ में कहा कि जिसने जनता को लूटा है, उसे जनता को लौटाना होगा। रही बात कैग रिपोर्ट की, तो इसके जरिए आने वाले दिनों में कई लोगों के काले चिट्ठे खुलने जा रहे हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.