2020 में दिल्ली में भाजपा सरकार : नड्डा

Summary :

प्रदेश भाजपा की दो दिवसीय कार्यकारिणी की बैठक डाॅ. भीमराव अम्बेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित की गई।

नई दिल्ली : प्रदेश भाजपा की दो दिवसीय कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को डाॅ. भीमराव अम्बेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित की गई। इसका उद्घाटन भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने किया। कार्यकारिणी की अध्यक्षता प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने की। कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि आज मुझे बड़ा हर्ष हो रहा है कि मुझे तीन पीढ़ियों के कार्यकर्ताओं से मिलने का अवसर मिला। सामने बैठे दिल्ली के कार्यकर्ताओं में से अधिकाधिक के साथ मैंने अपने कार्यकर्ता जीवन में काम किया है, जो हमें दिल्ली में भाजपा को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगा। 
उन्होंने दिल्ली सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि दिल्ली की जनता को सपने दिखाकर धोखे से सत्ता हथियाने वालों को अब यह समझ लेना चाहिए कि काठ की हांडी एक बार ही चढ़ती है और 2020 में भाजपा की दिल्ली में सरकार होगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद यह पहली प्रदेश कार्यकारिणी बैठक है और कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद किसी पहली कार्यकारिणी में जगत प्रकाश नड्डा का आगमन हुआ है और हम सब गर्वित भाव और वातावरण में अपने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का अभिनंदन कर रहे हैं। 
उन्होंने माॅनिटरिंग कमेटी को भंग करने की मांग करते हुए कहा कि टैंकर माफिया से दिल्ली को मुक्त कराने का तथा हर नल से साफ जल देने और दिल्ली को प्रदूषण से मुक्त करने के साथ-साथ दिल्ली की जनविरोधी सरकार को हटाने का हम संकल्प लेते हैं। संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत बनाने की चर्चा करते हुये कहा कि जो बूथ कमजोर हैं उन्हें चिह्नित करके और मजबूत बनाने की जरूरत है। हमें यह लक्ष्य लेकर चलना है कि हमारा कोई भी बूथ कमजोर न रहे और हर बूथ का कार्यकर्ता को संगठन की बारीक से बारीक जानकारी होनी चाहिए। पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है। 
पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतने के लिए हमें चिंतन और कारगर रणनीति के साथ चुनाव मैदान में उतरना चाहिए। समापन भाषण में कार्य समिति के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने कहा कि आने वाले दिनों में हम सदस्यता अभियान चलाने वाले हैं। सदस्यता अभियान इस तरह का हो कि घर-घर में भाजपा का समावेश हो जाए। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया ने राजनीतिक प्रस्ताव रखा जिसका विजय गोयल, विजेन्द्र गुप्ता एवं सतीश उपाध्याय ने अनुसमर्थन कर अपने विचार रखे। 

Desk Team