नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने रविवार को अनधिकृत कालोनियों की बद से बदतर हो रही हालत पर चिंता जाहिर किया है। वहीं इस पूरे प्रकरण का जिम्मेदार केजरीवाल सरकार को ठहराते हुए तिवारी ने कहा कि दिल्ली की जनता ने केजरीवाल सरकार पर भरोसा कर अपार जनसमर्थन के साथ उन्हें सत्ता में बिठाया था, लेकिन सत्ता में आने के पूरे साढ़े चार वर्ष बीत जाने के बाद भी केजरीवाल ने जनता से किए एक भी वादे को पूरा नहीं किया है। काम करने का दिखावा करना, बड़े-बड़े पोस्टर, मंहगे होर्डिंग पर करोड़ों खर्च कर केजरीवाल ने दिल्ली के जनादेश का अपमान किया है।
आज दिल्ली की अनधिकृत कालोनियों की हालत जर्जर है। तिवारी ने कहा कि दिल्ली बचाओ परिवर्तन यात्रा का संदेश दिल्ली के घर-घर तक पहुंचाने के लिए हमारे कार्यकर्ता आएंगे और केजरीवाल सरकार की नाकामियों से जनता को अवगत कराएंगे। इन कालोनियों में सड़कों में गड्ढे हैं या फिर गड्ढों में सड़क यह कह पाना मुश्किल है। पानी मुफ्त है लेकिन जनता को बूंद-बूंद के लिए तरसना पड़ता है।
54 महीने के कार्यकाल बीत जाने के बाद सीवर लाइन डालने के नाम पर केजरीवाल सरकार ने अनधिकृत कालोनियों को खोद के तो रख दिया, लेकिन उसकी मरम्मत नहीं की। अनधिकृत कालोनियों में रह रहे लाखों लोगों ने आप पार्टी को वोट दिया। इस विश्वास के साथ कि कॉलोनियों को नियमित करने के लिए वो कोई कदम उठाएंगे। केजरीवाल सरकार ने तो केवल आरोप-प्रत्यारोप किया, लेकिन केंद्र की मोदी सरकार ने दिल्ली की अनधिकृत कालोनियों को नियमित कर उन्हें मालिकाना हक देने के लिए नोटिफिकेशन तक जारी कर दिया।
मुख्यमंत्री को केवल इतना करना था कि अनधिकृत कालोनियों की बाउंड्री करनी थी, जिसे करने के लिए वो केंद्र सरकार से दो साल का समय मांग रहे हैं, जो यह स्पष्ट करता है कि अनधिकृत कालोनियों को नियमित करना आम आदमी पार्टी का कभी एजेंडा रहा ही नहीं है। आप पार्टी ने दिल्ली की जनता को धोखा दिया है। दिल्ली बचाओ परिवर्तन यात्रा के संकल्प के साथ हम दिल्ली की सभी 70 विधानसभाओं में केजरीवाल सरकार के झूठों की पोल खोलेंगे।


Download Android App
Download iOS App



