दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिलचस्पी देश में राशन की चोरी को रोकने के बजाय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को “गाली” देने में है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि देश में 80 करोड़ लोगों के राशन की चोरी के पीछे भगवा पार्टी का हाथ है।
आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता ने संवाददाताओं से कहा, “मैंने भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा का संवाददाता सम्मेलन देखा। उन्होंने देश में राशन चोरी का जिक्र नहीं किया और उसकी बजाय अरविंद केजरीवाल पर तीखा एवं अपमानजनक हमला किया।”
इससे पहले सुबह में, केजरीवाल ने दावा किया था कि घर-घर राशन पहुंचाने की योजना को केंद्र ने रोका है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली के 70 लाख लोगों के लाभ के लिए इसकी अनुमति देने की अपील की।
सिसोदिया ने कहा कि भाजपा देश में राशन चोरी को जारी रखना चाहती है और उसके नेता इसपर सवाल उठाने वाले किसी भी व्यक्ति को ‘‘गाली’’ देंगे, जैसा कि पात्रा ने केजरीवाल को लेकर किया।


Download Android App
Download iOS App



