बीजेपी विधायक ओम प्रकाश शर्मा को दिल्ली विधानसभा से अगले सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने शुक्रवार को सदन की कार्यवाही बाधित करने के आरोप में बीजेपी विधायक को निलंबित करने का आदेश सुनाया। अध्यक्ष के इस फैसले के विरोध में बीजेपी के सभी विधायकों ने सदन से बहिर्गमन कर दिया।
दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन बीजेपी विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने सदन में प्रश्नकाल के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) विधायक सोमनाथ भारती के बारे में व्यंग्यात्मक टिप्पणी की, जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया। इसके बाद भारती समेत आप के कुछ विधायक सदन के आसन के निकट आ गए और बिष्ट से माफी की मांग करने लगे।
इसके बाद बिष्ट, ओम प्रकाश शर्मा, जितेंद्र महाजन, अनिल बाजपेयी समेत बीजेपी विधायकों ने भी नारेबाजी शुरू कर दी। अध्यक्ष ने आप विधायकों को अपनी सीटों पर लौटने का निर्देश दिया और बिष्ट से माफी मांगने को भी कहा। उन्होंने बीजेपी के अन्य विधायकों से भी शांति बनाए रखने की अपील की।
बीजेपी विधायक बिष्ट ने अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी, लेकिन शर्मा और महाजन चिल्लाते रहे। अध्यक्ष ने महाजन को 10 मिनट के लिए सदन से बाहर जाने को कहा और शर्मा को सदन नहीं चलने देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। शर्मा नहीं माने और उन्होंने बिष्ट से माफी मांगने के अध्यक्ष के फैसले पर सवाल उठाया, जिसके बाद गोयल ने उन्हें अगले सत्र के लिए निलंबित करने का आदेश दिया।
गोयल ने फैसला सुनाया, ”मैं सदन के अगले सत्र के लिए ओम प्रकाश शर्मा को निलंबित करता हूं।” इस फैसले के बाद बीजेपी के सभी विधायक सदन से बहिर्गमन कर गए। सत्तर सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी के आठ जबकि आम आदमी पार्टी के 62 सदस्य हैं। सदन में केंद्र के तीन कृषि कानूनों पर भी चर्चा होनी है, जिनके खिलाफ किसान दिल्ली की तीन सीमाओं सिंघू, टीकरी और गाजीपुर में गत 26 नवंबर से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



