भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने आम आदमी पार्टी के विधायकों को 20-25 करोड़ रुपये के ऑफर को पूरी तरह से खारिज करते हुए कहा कि भाजपा से कोई उन्हें ऑफर नहीं कर रहा है और केजरीवाल को उस व्यक्ति का नाम भी बताना चाहिए जिसने आप के विधायकों को यह ऑफर किया है।
भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए पात्रा ने कहा कि शराब घोटाले में पूछे गए सवालों का जवाब देने की बजाय ये इधर उधर की बात कर रहे हैं और इनके विधायकों को शराब माफियाओं के ऑफर की आदत पड़ गई है।
कौन इनके विधायकों को ऑफर कर रहा है ?
आम आदमी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा से कोई इन्हें ऑफर नहीं कर रहा है, वास्तव में इन्हें शराब माफिया के ऑफर की आदत पड़ गई है, वहीं लोग इन्हें फोन कर रहे होंगे। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि केजरीवाल, उस व्यक्ति का नाम तो बताएं कि कौन इनके विधायकों को ऑफर कर रहा है।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल और सिसोदिया को यह बताना चाहिए कि ऑपरेशन लिकर गेट में कितना कमाया और यह माल कहां गया?
नई आबकारी नीति की फाइल देखी थी या नहीं ?
भाजपा प्रवक्ता ने शराब घोटाले को लेकर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से छह सवाल पूछते हुए कहा कि इधर उधर की बात कहने की बजाय उन्हें इन सवालों का सीधा जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया के भ्रष्टाचार के सबूत मौजूद है, जांच हो रही है और और वो बच नहीं सकते हैं और जिस भड़के हुए अंदाज में आप नेता प्रेस कांफ्रेंस कर रहे हैं, जिस प्रकार की बौखलाहट आम आदमी पार्टी में विगत कुछ दिनों से देखने को मिल रही है, इसमें किसी प्रकार का संशय नहीं है कि मनीष सिसोदिया को लेकर आम आदमी पार्टी घिरी नजर आ रही है। पात्रा ने केजरीवाल को इस घोटाले का किंगपिन बताते हुए कहा कि केजरीवाल बताएं कि इस मामले की जानकारी उन्हें थी या नहीं, उन्होंने नई आबकारी नीति की फाइल देखी थी या नहीं ?


Download Android App
Download iOS App



