भारतीय जनता पार्टी ने कोरोना के संकट काल में केजरीवाल सरकार पर फेल होने का आरोप लगाया है। पार्टी की दिल्ली इकाई ने कहा है कि संकट काल में केजरीवाल सरकार ने हाथ खड़े कर दिए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा है कि केजरीवाल सरकार ने दिल्ली के लिये कभी भी पर्याप्त अस्पताल बेड, आक्सीजन या रेमडीसिवर का स्टाक एकत्र करने पर ध्यान नहीं दिया।
दरअसल, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को एक वीडियो संदेश में कहा था कि दिल्ली में 25,500 नए कोरोना केस आए है। पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 30 प्रतिशत हो गया है। दिल्ली में बेड्स तेजी से खत्म होते जा रहे हैं। आईसीयू बेड्स की कमी होती जा रही है ,केवल 100 आईसीयू बेड ही बचे हैं। ऑक्सीजन की कमी हो रही है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस बयान के बाद भाजपा की दिल्ली इकाई ने निशाना साधा है। दिल्ली ईकाई ने अपने एक बयान में कहा, “दिल्ली में हालात खराब हो रहे हैं पर मुख्यमंत्री केजरीवाल ने फिर एक बार अपने हाथ खड़े कर दिए और जनता से मुंह मोड़ लिया। मुख्यमंत्री को जनता से ज्यादा विज्ञापनों में बने रहना प्यारा है। अगर विज्ञापनों की जगह दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में ध्यान लगाया होता तो आज हालात बेहतर होते, सीएम साहब।”


Download Android App
Download iOS App



