कल्याण-डोंबिवली क्षेत्र के रेलवे यात्रियों की समस्याओं और मांगों को लेकर भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक रविंद्र चव्हाण ने मध्य रेलवे के विभागीय रेल प्रबंधक (DRM) हिरेश मीना के साथ बैठक की। यह बैठक मुंबई के सीएसटी स्थित मध्य रेलवे मुख्यालय में हुई। इसमें लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने, यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों की देरी जैसी समस्याओं पर चर्चा की गई। दरअसल, 26 सितंबर को रेलवे यात्री संगठनों के प्रतिनिधियों ने विधायक रविंद्र चव्हाण से मुलाकात कर अपनी समस्याएं और मांगें रखी थीं। इसके बाद यात्रियों की इन समस्याओं को लेकर रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक की गई।
बैठक में पीक आवर के दौरान नीलजे रेलवे स्टेशन से मुंबई के लिए हर घंटे लोकल ट्रेन शुरू करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा, ज्यादा भीड़ के समय डोंबिवली और दिवा स्टेशनों से मुंबई के लिए सीधी लोकल ट्रेनें चलाने की मांग भी रखी गई। बैठक में रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा, भीड़ को नियंत्रित करने और देरी से चलने वाली लोकल ट्रेनों की समस्या पर भी चर्चा हुई। इन समस्याओं के समाधान के लिए रविंद्र चव्हाण ने मध्य रेलवे प्रशासन को जरूरी निर्देश दिए।
गौरतलब है कि हाल ही में ठाणे-मुंबई क्षेत्र में रेल यात्रियों की समस्याओं को लेकर 48 यात्री संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी रविंद्र चव्हाण से मुलाकात की थी। डोंबिवली जिमखाना में हुई इस बैठक में मुंबई की लोकल ट्रेनों की क्षमता बढ़ाने, यात्रियों की सुरक्षा बेहतर करने और सीधे रेल संपर्क की सुविधा बढ़ाने जैसे मुद्दे उठाए गए थे।
अब यात्रियों की इन मांगों को लेकर रेलवे प्रशासन के साथ हुई बैठक से क्षेत्र के लोगों को समस्याओं के समाधान की उम्मीद है।


Download Android App
Download iOS App




